Connect with us

वाराणसी

राम मंदिर चढ़ावे के मामले में जवाबदेही तक कांग्रेस का जनजागरण अभियान जारी

Published

on

Loading...
Loading...

महानगर कांग्रेस की नौवीं कड़ी में मंडुवाडीह के हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और आरती

वाराणसी। अयोध्या धाम स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से जुड़े भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में उठे सवालों तथा चंपत राय एवं अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी का जनजागरण अभियान जारी है। अभियान की नौवीं कड़ी के तहत मंगलवार को मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के पास स्थित प्राचीन हनुमान जी मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और आरती का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद आरती कर भगवान श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान से सत्य, न्याय, सद्भाव, मर्यादा और पारदर्शिता की विजय की प्रार्थना की गई। देश और समाज में शांति एवं सद्भाव की भी कामना की गई।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि अयोध्या का श्रीराम मंदिर करोड़ों देशवासियों की आस्था का केंद्र है। श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में श्रद्धा और विश्वास के साथ अर्पित किए जाने वाले चढ़ावे से जुड़े हर मामले में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि गंभीर सवाल उठने के बावजूद जिम्मेदार लोगों को क्लीन चिट दिया जाना आम श्रद्धालुओं के विश्वास से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी मंदिर, धर्म या धार्मिक आस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और पारदर्शिता के पक्ष में है। यदि किसी मामले में गंभीर आरोप सामने आते हैं तो जांच केवल निचले स्तर के कर्मचारियों अथवा छोटे पदाधिकारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने वाले लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

Advertisement

चौबे ने कहा कि प्रत्येक मंगलवार को अलग-अलग हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से इस मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी। जब तक पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती, अभियान जारी रहेगा।

कार्यक्रम का संयोजन महानगर उपाध्यक्ष वकील अंसारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल चौबे, ब्लॉक अध्यक्ष जीतेन्द्र श्रीवास्तव और महानगर सचिव पवन चौबे ने किया। इस दौरान डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, सुनील श्रीवास्तव, घनश्याम सिंह, संतोष चौरसिया, मनोज द्विवेदी, राजेन्द्र गुप्ता, प्रमोद वर्मा, आशिष केशरी, रंजना गुप्ता, रेनू चौधरी, संगीता रावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page