गोरखपुर
गोरखपुर में 40 लाख की चरस के साथ दो गिरफ्तार
चौरी चौरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 13 किलो 85 ग्राम चरस बरामद
गोरखपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौरी चौरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो 85 ग्राम चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। आरोपियों के कब्जे से चरस के अलावा मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और 1,385 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान रंजीत विश्वकर्मा पुत्र विश्वामित्र विश्वकर्मा, निवासी चोरभरिया बकुची मिश्र मगरहा, थाना खुखुन्दू, जनपद देवरिया और किशन मदेशिया पुत्र शिवचन्द मदेशिया, निवासी धनौती खुर्द, थाना कोतवाली, जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और 1,385 रुपये नकद पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार रंजीत विश्वकर्मा के खिलाफ देवरिया जनपद के विभिन्न थानों में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी किशन मदेशिया के खिलाफ कुशीनगर जनपद में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना चौरी चौरा में मुकदमा अपराध संख्या 351/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में एंटी थेफ्ट सेल गोरखपुर के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, एएनटीएफ गोरखपुर जोन के थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश राम, थाना चौरी चौरा के उपनिरीक्षक ओम प्रकाश सिंह समेत पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके लिए आरोपियों से पूछताछ के साथ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
