Connect with us

गाजीपुर

कटाव की भेंट चढ़ी चार मंडा जमीन, दो दर्जन बाढ़ चौकियां सिर्फ कागजों में

Published

on

Loading...
Loading...

भांवरकोल, गाजीपुर। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटाव ने भांवरकोल क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शेरपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुबारकपुर में गंगा नदी के कटाव से लगभग चार मंडा जमीन नदी में समा चुकी है। मुबारकपुर ठोकर से आगे शिवान तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में लगातार कटाव जारी है, जिससे आसपास के किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

कटाव के साथ ही बाढ़ का पानी भी गांवों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। वीरपुर के पास गंगा नदी से निकले भांगड़ा नाले के जरिए बाढ़ का पानी धर्मपुरा गांव होते हुए कठार गांव तक पहुंच चुका है। नाले और आसपास के खेतों में पानी भरने से ज्वार, बाजरा और चरी की फसलें डूब गई हैं। लगातार पानी बढ़ने से किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है।

Loading...

बाढ़ चौकियों पर नहीं मिल रहा कोई कर्मचारी

भाजपा नेता सरजू यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बाढ़ से निपटने के लिए दो दर्जन से अधिक बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं, लेकिन इनमें से किसी भी चौकी पर कर्मचारी या आवश्यक संसाधन मौजूद नहीं हैं। उनका कहना है कि बाढ़ चौकियां केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही हैं, जबकि प्रभावित इलाकों में ग्रामीण मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी बाढ़ चौकियों पर तत्काल कर्मचारियों की तैनाती की जाए और नाव, राहत सामग्री समेत जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए तो कटाव और बाढ़ से बड़े पैमाने पर जमीन, फसल और गांवों को नुकसान हो सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page