गाजीपुर
डीएम ने बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं
छात्रावास, भोजनालय और कक्षों का लिया जायजा; कमरों में पर्याप्त प्रकाश व खेल सुविधाएं विकसित करने के निर्देश
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद के साथ शुक्रवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, चकेरी, ऊपरवार, सैदपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय और छात्रावास की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय, अभ्युदय कक्ष, नियंत्रण कक्ष और सीसीटीवी व्यवस्था का निरीक्षण किया। छात्रावास भवन का जायजा लेने के दौरान उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कुछ कमरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने पर सभी कक्षों में समुचित रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भोजनालय और भंडार कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। उन्होंने स्वयं दाल और चावल का स्वाद लेकर गुणवत्ता परखी तथा खाद्य सामग्री के रख-रखाव का भी निरीक्षण किया।

डीएम ने खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए बैडमिंटन और वॉलीबॉल की समुचित व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के लिए वॉकिंग सुविधा और मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में भी बातचीत की, उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।:::
