जौनपुर
पेड़ से टकराया अनियंत्रित कंटेनर
चालक की इलाज के दौरान मौत
जौनपुर-प्रयागराज हाईवे पर सिकरारा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, पुलिस ने वाहन मालिक को दी सूचना
सिकरारा, जौनपुर। जौनपुर-प्रयागराज हाईवे पर सिकरारा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कंटेनर संख्या एचआर 55 ए 7173 जौनपुर की ओर से मछलीशहर की तरफ जा रहा था। सिकरारा थाने के पास पहुंचते ही किसी कारणवश चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के अंदर फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर चालक को कंटेनर से बाहर निकाला।
इसके बाद घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हादसे की सूचना कंटेनर मालिक को दे दी है और वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
