जौनपुर
‘अन्नपूर्णा मुहिम’ से जौनपुर के पांच जरूरतमंद परिवारों को मिली राशन सहायता
संत रामपाल जी महाराज के सेवादारों ने आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों तक पहुंचाई राहत किट
मड़ियाहूं, जौनपुर। आर्थिक तंगी और कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से संत रामपाल जी महाराज के सेवादारों ने ‘अन्नपूर्णा मुहिम’ के तहत जौनपुर जिले के पांच परिवारों को राशन राहत किट वितरित की। परिवारों की आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने के बाद सेवा दल ने सत्यापन कर उनके घरों तक खाद्य सामग्री पहुंचाई।
चार परिवार मड़ियाहूं क्षेत्र और एक सदर तहसील में
मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के दिलावरपुर बाईपास चौराहा निवासी प्रेमा देवी को राशन किट दी गई। बताया गया कि उनके पति और दो पुत्रों का निधन हो चुका है और वह कठिन परिस्थितियों में अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। जमलिया गांव निवासी सीता देवी के परिवार को भी सहायता दी गई। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है।
शहजरा शुदनीपुर गांव निवासी सविता देवी, जिनके पति का निधन हो चुका है, को भी राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं ब्लॉक रामपुर के पचुरखी गांव निवासी भागमानी देवी के परिवार को भी राशन किट देकर सहायता पहुंचाई गई। इसके अलावा सदर तहसील के परियांवा गांव निवासी गुलाबी देवी पत्नी रामचंद्र पाल को भी राहत किट प्रदान की गई।
राशन किट में शामिल रहा दैनिक जरूरत का सामान
सेवादारों द्वारा उपलब्ध कराई गई राहत किट में आटा, चावल, चना दाल, उड़द व मूंग दाल, खाद्य तेल, चीनी, चाय पत्ती, दूध पाउडर सहित नहाने और कपड़े धोने का साबुन तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही।
जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना मुहिम का उद्देश्य
जिला सेवादार रामजी दास ने बताया कि संत रामपाल जी महाराज के मार्गदर्शन में ‘अन्नपूर्णा मुहिम’ के माध्यम से बेसहारा, लाचार और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंदों को कठिन समय में राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में पिछले सप्ताह सदर तहसील क्षेत्र के तीन अन्य परिवारों को भी राशन राहत किट उपलब्ध कराई गई थी।
राहत सामग्री मिलने के बाद लाभार्थी परिवारों ने सेवादार दल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान सुनील दास, राधेकृष्ण दास, राजेंद्र दास, राजकुमार दास और अमन दास सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।
