Uncategorized
एमडीएम खाते से 4.65 लाख की अनियमित निकासी, प्रधानाध्यापक निलंबित
गुमनाम शिकायत पर जांच में खुलासा, जांच शुरू होते ही पूरी रकम खाते में वापस जमा
गाजीपुर। देवकली विकासखंड के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बरहपुर में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के खाते से 4.65 लाख रुपये की कथित अनियमित निकासी का मामला सामने आया है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बीएसए उपासना रानी के निर्देश पर की गई।
बताया गया कि विद्यालय में एमडीएम खाते से धनराशि निकाले जाने और वित्तीय अनियमितता की शिकायत एक गुमनाम पत्र के माध्यम से अधिकारियों को मिली थी। शिकायत के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कराई। जांच में सामने आया कि 7 अप्रैल 2026 को एमडीएम खाते से 4,63,830 रुपये तथा 4 अगस्त 2026 को 74,812 रुपये की निकासी की गई थी। जांच के अनुसार दोनों बार निकाली गई कुल 4.65 लाख रुपये की राशि विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षामित्र की मां के बैंक खाते में स्थानांतरित की गई थी।
धनराशि के इस तरह स्थानांतरण को लेकर विद्यालय के प्रधान और प्रधानाध्यापक की भूमिका पर सवाल उठे हैं। हालांकि, मामले की विस्तृत विभागीय जांच अभी जारी है। जांच शुरू होने के बाद संबंधित खाते में पूरी 4.65 लाख रुपये की राशि 29 सितंबर 2026 को वापस जमा करा दी गई।
राशि वापस जमा होने के बावजूद बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रकरण को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। बीएसए उपासना रानी ने कहा कि जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभागीय जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
