जौनपुर
मिट्टी की दीवार ढहने से मां-बेटी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
शाहगंज के राजापुर सहावें गांव में दर्दनाक हादसा, 12 वर्षीय छात्रा की भी गई जान
शाहगंज, जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के राजापुर सहावें गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में मिट्टी की दीवार ढहने से मां और उसकी 12 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। रिहायशी छप्पर के पास बनी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों आ गईं। वहीं दूसरी बेटी समय रहते वहां से भाग निकली, जिससे उसकी जान बच गई।
गांव निवासी बिंदु राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर वह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान रिहायशी छप्पर के पास बनी मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई। मलबे के नीचे उनकी 46 वर्षीय पत्नी ज्ञानती देवी और 12 वर्षीय बेटी अमरीका दब गईं। अमरीका गांव के ही विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी।
बताया गया कि घटना के समय अमरीका की बहन कोमल भी आसपास मौजूद थी। दीवार गिरने की आहट मिलते ही वह वहां से भाग गई, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ज्ञानती देवी और अमरीका को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए राजकीय पुरुष चिकित्सालय शाहगंज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मां-बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के रोने-बिलखने से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। ज्ञानती देवी अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
