वाराणसी
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक
महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराध और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी
पिंडरा। मिशन शक्ति फेज-5 के तहत मंगलवार को मझवा स्थित सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष पंकज पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन और उनकी उपयोगिता की जानकारी दी।
छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से सहायता ली जा सकती है। इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा थाना परिसर में स्थापित नवीन मिशन शक्ति केंद्र के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सरकार की ओर से संचालित मिशन शक्ति के 360 डिग्री कार्यक्रम और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी छात्राओं को जागरूक किया गया। इस दौरान स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं और महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रही।
