वाराणसी
हरहुआ में एचएस यूटिलिटी सर्विसेज पीएनजी नेटवर्क से जुड़ी
गेल इंडिया की पहल से 24 घंटे मिलेगी प्राकृतिक गैस, हर माह 20 एलपीजी सिलेंडरों की होगी बचत
वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के तहत हरहुआ स्थित एचएस यूटिलिटी सर्विसेज को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क से जोड़ दिया है। इसके साथ ही संस्थान की रसोई और अन्य ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं के लिए अब 24 घंटे सुरक्षित एवं निर्बाध प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शुरू हो गई है।
कंपनी के अनुसार यह पहल वाराणसी के वाणिज्यिक और संस्थागत प्रतिष्ठानों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना का क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम ने उप महाप्रबंधक नवाजिश अली अंसारी के नेतृत्व में किया, जबकि वाराणसी सीजीडी परियोजना का संचालन महाप्रबंधक सुशील कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
एचएस यूटिलिटी सर्विसेज में पहले ऊर्जा की जरूरत एलपीजी सिलेंडरों से पूरी की जाती थी, जहां हर महीने करीब 20 सिलेंडरों की खपत होती थी। पीएनजी नेटवर्क से जुड़ने के बाद अब संस्थान को लगातार प्राकृतिक गैस की आपूर्ति मिलेगी, जिससे संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी होगा।
गेल के अनुसार पीएनजी अपनाने से हर माह लगभग 20 एलपीजी सिलेंडरों की बचत होगी। इससे अन्य उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही सिलेंडरों के भंडारण और परिवहन से जुड़ी समस्याएं भी कम होंगी तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
कंपनी ने बताया कि वाराणसी सहित अपने सभी परिचालन क्षेत्रों में अधिक से अधिक घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को पीएनजी और सीएनजी नेटवर्क से जोड़ने का अभियान लगातार जारी है, ताकि सुरक्षित, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराई जा सके।
