वाराणसी
सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला
कार से खींचकर ईंट-पत्थरों से पीटने का आरोप, पत्नी से अभद्रता; पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
वाराणसी।लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक को कार से बाहर खींचकर ईंट-पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाहनों को हटाने की बात पर हुआ विवाद
नई बस्ती निवासी प्रियंका राय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह अपने पति अनुराग राय के साथ कार से घर लौट रही थीं। घर से कुछ दूरी पहले सड़क पर एक कार और कई मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। आरोप है कि वाहनों को हटाने के लिए कहने पर करन सोनकर, भीम गुप्ता, बाबू, अर्जुन समेत अन्य लोगों ने विवाद शुरू कर दिया।
ईंट-पत्थरों से हमला, कार भी क्षतिग्रस्त
तहरीर के अनुसार आरोपितों ने अनुराग राय को कार से बाहर खींच लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। प्रियंका राय का आरोप है कि पति को बचाने के दौरान उनके साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। साथ ही उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घायल अनुराग राय का दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
घटना से सहमी तीन वर्षीय बच्ची
घटना के समय दंपति की तीन वर्षीय पुत्री कमिका राय भी कार में मौजूद थी। परिजनों के अनुसार बच्ची घटना के बाद काफी सहम गई है। उसने परिजनों से कहा कि “पापा को सब लोग मिलकर मार रहे थे।” घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
सुरक्षा की मांग, पुलिस कर रही जांच
प्रियंका राय ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोप लगाया कि हमलावर आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और अस्पताल के आसपास भी निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
