गाजीपुर
कर निरीक्षक विजयशंकर राय को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई
नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना
जमानियां (गाजीपुर)। आदर्श नगर पालिका परिषद जमानियां के कर निरीक्षक विजयशंकर राय उर्फ ‘पप्पू राय’ के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद परिसर में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और सभासदों ने उनके सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।
नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने विजयशंकर राय को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विजयशंकर राय ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनकी अनुशासित कार्यशैली और सहयोगात्मक व्यवहार नगर पालिका परिवार के लिए प्रेरणादायी रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। सेवाकाल के दौरान किए गए अच्छे कार्य और व्यवहार हमेशा याद रखे जाते हैं।
समारोह में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सभासदों ने भी विजयशंकर राय के साथ बिताए समय और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया।
सेवानिवृत्त कर निरीक्षक विजयशंकर राय ने नगर पालिका अध्यक्ष, अधिकारियों, कर्मचारियों, सभासदों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान सभी से मिले सहयोग और स्नेह को वह हमेशा याद रखेंगे।
इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष पांडेय, अनिल कुमार गुप्ता, विजय शंकर शर्मा, संतोष कश्यप, स्टोर लिपिक सत्येंद्र कुमार, उद्धव पांडेय और भाजपा मीडिया प्रभारी संजीत कुमार सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं सभासद उपस्थित रहे।
