गाजीपुर
जसदेपुर में जन चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं पर हुआ मंथन
वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन योजनाओं की दी जानकारी, पात्रों तक लाभ पहुंचाने पर जोर
भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत जसदेपुर में ग्राम प्रधान मुन्ना यादव की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
ग्राम पंचायत सचिव आफताब की मौजूदगी में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और योजनाओं का लाभ मिलने में आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान विशेष रूप से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई।
चौपाल में पात्र लाभार्थियों को पेंशन योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा आवेदन से संबंधित समस्याओं के समाधान के बारे में विस्तार से बताया गया। ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए समय से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए भी जागरूक किया गया।
ग्राम प्रधान मुन्ना यादव ने कहा कि गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। किसी पात्र ग्रामीण को योजना का लाभ लेने में परेशानी हो रही है तो उसकी समस्या के समाधान के लिए पंचायत स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष रखीं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
