गाजीपुर
गाजीपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज करने के निर्देश, 43 हजार किशोरियों का लक्ष्य
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मीडिया से मांगा सहयोग, कहा- सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है एचपीवी वैक्सीन
14-15 वर्ष की बालिकाओं के टीकाकरण में प्रगति धीमी, एक सप्ताह में माइक्रो प्लान बनाकर अभियान तेज करने के निर्देश
गाजीपुर। जनपद में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता की। उन्होंने मीडिया से इस जनस्वास्थ्य अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
43 हजार बालिकाओं का लक्ष्य, अब तक केवल 4 हजार का टीकाकरण
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 43 हजार किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि अब तक केवल 3,500 से 4,000 बालिकाओं का ही टीकाकरण हो सका है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को लगाई जा रही है और इसका उद्देश्य भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करना है।

वैक्सीन सुरक्षित, अफवाहों पर न दें ध्यान
जिलाधिकारी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद स्वीकृत और पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें तथा अपनी पात्र पुत्रियों का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण केंद्रों पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है।
एक सप्ताह में माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश
अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी एबीएसए, एमओआईसी तथा विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकासखंडों में एक सप्ताह के भीतर माइक्रो प्लान तैयार कर पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जनसहभागिता बढ़ाने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने मीडिया से भी तथ्यपरक एवं सकारात्मक जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक पात्र किशोरियां इस जनहितकारी अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें।
