गाजीपुर
पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों को निर्धारित तिथि तक पूरी करनी होगी सभी औपचारिकताएं
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने शिक्षण संस्थानों से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की
गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के ऑनलाइन आवेदन और वितरण की समय-सारिणी शासन द्वारा जारी कर दी गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूरी करने की अपील की है।
5 अगस्त तक अपडेट होगा मास्टर डाटा
जारी समय-सारिणी के अनुसार मान्यता प्राप्त विद्यालयों को 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक मास्टर डाटाबेस में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक के समक्ष आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने, नवीन संस्थाओं द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी से पासवर्ड प्राप्त करने तथा विद्यालय प्रोफाइल एवं मास्टर डाटा अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
9 अगस्त तक होगा ऑनलाइन सत्यापन
समय-सारिणी के अनुसार 23 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा विद्यालयों की मान्यता, स्वीकृत सीटों की संख्या और प्रोफाइल का ऑनलाइन डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।
समय से पूरी करें प्रक्रिया : अधिकारी
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा भांकर सरोज ने जनपद के सभी पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय से पूरी करने का अनुरोध किया है, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ निर्धारित समय पर मिल सके।
