Connect with us

गाजीपुर

बाउंड्री वॉल बनने के महीनों बाद भी नहीं लगा गेट, आवारा पशुओं से उजड़ा विद्यालय परिसर

Published

on

Loading...
Loading...

मखदुमपुर राजकीय हाई स्कूल में वृक्षारोपण अभियान के पौधे हुए नष्ट, 15 दिन में गेट लगाने का आश्वासन

प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत बनी बाउंड्री वॉल, गेट नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था अधूरी

भीमापार (गाजीपुर)। सादात विकासखंड के राजकीय हाई स्कूल एवं जूनियर हाई स्कूल, मखदुमपुर में प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य महीनों पहले पूरा हो चुका है, लेकिन मुख्य प्रवेश द्वार (गेट) नहीं लगाए जाने से विद्यालय परिसर में आवारा पशुओं का प्रवेश लगातार बना हुआ है। इससे परिसर में लगाए गए पौधों को भारी नुकसान पहुंचा है।

वृक्षारोपण अभियान के पौधे हुए नष्ट

विद्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए अधिकांश पौधे आवारा पशुओं के कारण नष्ट हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर गेट लगा दिया गया होता तो पौधों को बचाया जा सकता था और परिसर सुरक्षित रहता।

प्रधानाध्यापक ने कई बार उठाई मांग

राजकीय हाई स्कूल, मखदुमपुर के प्रधानाध्यापक रविंद्र यादव ने बताया कि बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य सिडको (SIDCO) द्वारा कराया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न बैठकों में कई बार गेट लगाए जाने की मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।

Advertisement

सिडको ने 15 दिन में गेट लगाने का दिया आश्वासन

सिडको के सहायक अभियंता रंजीत राय ने बताया कि परियोजना में एक गेट का प्रावधान है, जबकि मौके पर दो स्थानों पर प्रवेश द्वार छोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि एस्टीमेट में धनराशि शेष रही तो दूसरे गेट का भी निर्माण कराया जाएगा। उनके अनुसार, बाउंड्री वॉल का माप (मेजरमेंट) अभी होना बाकी है। साथ ही परिसर में विभाग का एक अन्य कार्य भी प्रस्तावित है और ठेकेदार के पहुंचने पर गेट लगाने का कार्य भी कराया जाएगा। उन्होंने लगभग 15 दिनों के भीतर गेट लगवाने का आश्वासन दिया।

अब आश्वासन के अमल का इंतजार

विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर है कि अधिकारियों का आश्वासन कब तक धरातल पर उतरता है। ग्रामीणों का कहना है कि गेट लगने से विद्यालय परिसर आवारा पशुओं से सुरक्षित रहेगा और भविष्य में लगाए जाने वाले पौधों तथा विद्यालय की संपत्ति का संरक्षण सुनिश्चित हो सकेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page