Connect with us

गाजीपुर

प्रयागराज में सड़क हादसे में गाजीपुर के युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

Published

on

Loading...
Loading...

मध्य प्रदेश से खीरा लेकर प्रयागराज जा रहे थे रविंद्र यादव, डंपर से टकराई पिकअप

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

भांवरकोल (गाजीपुर)। भांवरकोल थाना क्षेत्र के रेवसड़ा गांव निवासी रविंद्र यादव (35) की प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब उनकी पिकअप आगे चल रहे डंपर से टकरा गई।

डंपर में पीछे से भिड़ी पिकअप

परिजनों के अनुसार, रविंद्र यादव शनिवार देर रात मध्य प्रदेश के सागर मंडी से पिकअप में खीरा लादकर प्रयागराज जा रहे थे। रविवार तड़के करीब दो बजे घूरपुर थाना क्षेत्र में आगे चल रहे डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी पिकअप पीछे से डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रविंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना पर घूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Advertisement

परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही रेवसड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पत्नी बेबी यादव और उनके दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चचेरे भाई संदीप यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात तक शव गांव लाए जाने की संभावना है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page