गाजीपुर
लोकसभा में गूंजा एम्स गोरखपुर में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार का मुद्दा
सांसद रवि किशन ने कैंसर संस्थान, हार्ट सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, किडनी-लिवर प्रत्यारोपण सहित जटिल चिकित्सा सुविधाएं शुरू करने की उठाई मांग
नियम 377 के तहत केंद्र सरकार से विशेषज्ञ डॉक्टर, आधुनिक उपकरण और सुपर स्पेशियलिटी विभागों के विस्तार का किया आग्रह
गोरखपुर। गोरखपुर के सांसद एवं लोकसभा सदस्य रवि किशन शुक्ला ने लोकसभा में नियम 377 के तहत एम्स गोरखपुर में सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाओं और जटिल शल्य चिकित्सा सेवाओं के विस्तार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार के सीमावर्ती जिलों तथा नेपाल के तराई क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए एम्स गोरखपुर आज एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है और यहां अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है।
एम्स ने बदली पूर्वांचल की स्वास्थ्य व्यवस्था
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थापित एम्स गोरखपुर ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। इसके कारण लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए पहले की तरह दिल्ली, लखनऊ या अन्य महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार भी व्यक्त किया।
कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का बताया अभाव
रवि किशन ने सदन में कहा कि एम्स गोरखपुर में अभी भी कैंसर उपचार, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (CTVS), हार्ट सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, किडनी प्रत्यारोपण, लिवर प्रत्यारोपण, डेंटल सर्जरी (ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी) तथा अन्य जटिल शल्य चिकित्सा सेवाओं का अभाव है। इसके चलते गंभीर मरीजों को दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी सहित अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक, शारीरिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक सुविधाओं की भी मांग
सांसद ने केंद्र सरकार से एम्स गोरखपुर में शीघ्र कैंसर संस्थान की स्थापना के साथ-साथ सीटीवीएस, न्यूरो सर्जरी, किडनी एवं लिवर प्रत्यारोपण, डेंटल सर्जरी और अन्य सुपर स्पेशियलिटी विभाग शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की भी मांग की।
पूर्वांचल और नेपाल के मरीजों को मिलेगा लाभ
रवि किशन ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इस जनहित के विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों और नेपाल से आने वाले लाखों मरीजों को उनके क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगी।
