गाजीपुर
गैस आपूर्ति में देरी से उपभोक्ताओं में नाराजगी, एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बुकिंग के 8 से 12 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर, समयबद्ध वितरण की मांग
जखनिया (गाजीपुर)। अलीपुर मंदरा स्थित बंशीधर इंडियन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने समय पर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग और डिलीवरी मैसेज (डीएमसी) मिलने के बाद भी 8 से 12 दिनों तक सिलेंडर नहीं पहुंचता, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में पहले ही लगभग 45 दिन बाद गैस बुकिंग की सुविधा मिलती है। इसके बावजूद बुकिंग के बाद डिलीवरी मैसेज आने पर भी समय से गैस नहीं मिलने के कारण उपभोक्ताओं को कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर पहुंचने पर चुनिंदा लोगों को अन्य डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से गैस उपलब्ध करा दी जाती है, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने यह भी शिकायत की कि एजेंसी के फोन नंबर पर संपर्क करने का प्रयास करने पर कॉल रिसीव नहीं की जाती और कार्यालय पहुंचने पर भी कर्मचारियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं रहता।
उपभोक्ताओं ने इंडियन ऑयल और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जांच कर समयबद्ध गैस वितरण सुनिश्चित कराने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार कराने की मांग की है।
