गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0: गाजीपुर पुलिस ने बाजारों में चलाया जागरूकता अभियान
एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग
महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त, शोहदों पर कार्रवाई के निर्देश
गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने जिलेभर में जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े उपायों, हेल्पलाइन सेवाओं और पुलिस सहायता के बारे में जानकारी दी।

इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी गई और शोहदों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। अभियान के तहत आगे भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
