Connect with us

गाजीपुर

गुप्त नवरात्रि की नवमी पर माता महाकाली मंदिर में हवन-पूजन

Published

on

Loading...
Loading...

छप्पन भोग से सजा दरबार

यूसुफपुर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजन-कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। गुप्त नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर यूसुफपुर स्थित प्राचीन माता महाकाली मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में माता महाकाली का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

संध्या बेला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विशेष हवन-पूजन संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना की। इस अवसर पर माता रानी को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग भी अर्पित किया गया।

Advertisement

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी और अन्य पूजन सामग्री चढ़ाकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई भक्तों ने अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर सुख, शांति, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति का संकल्प लिया। “जय माता दी” के जयघोष, भजन-कीर्तन और शंख-घंटों की ध्वनि से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

श्रद्धालुओं ने बताया कि माता महाकाली का यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि सच्चे मन से माता की आराधना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।

मंदिर प्रबंधन ने बताया कि आगामी 28 अगस्त को मंदिर परिसर में भव्य मेले और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु शामिल होंगे।

इस अवसर पर विनोद मद्धेशिया, मुन्ना शर्मा, अंकित मद्धेशिया, शिवजी केसरी, भरत शर्मा, सीता शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page