Connect with us

बलिया

सपा नेताओं की टिप्पणियों के विरोध में सुभासपा का प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, जातिसूचक बयान देने का लगाया आरोप

सपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग, समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप

बलिया। समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं की कथित टिप्पणियों के विरोध में गुरुवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैनर, पोस्टर और तख्तियों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम के माध्यम से सौंपा।

सुभासपा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा अति पिछड़े समाज और उनके नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा सांसद के प्रतिनिधि एवं पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना यादव ने भी अति पिछड़े समाज के प्रति जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।

प्रदर्शन के दौरान सुभासपा नेताओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का ‘पीडीए’ का नारा केवल दिखावा है, जबकि व्यवहार में अति पिछड़े समाज के साथ भेदभाव किया जा रहा है। प्रदेश सचिव संजय भाई ने कहा कि उनकी पार्टी समाज में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दे रही है, जबकि विपक्षी दलों के कुछ नेताओं की टिप्पणियां सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली हैं।

Advertisement

कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि मामले की जांच कर कथित आपत्तिजनक बयान देने वाले नेताओं के विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सुभासपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page