बलिया
प्रेम प्रसंग में विवाद के बीच युवती हाई-टेंशन टावर पर चढ़ी
भीमपुरा क्षेत्र में सुबह मचा हड़कंप, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित नीचे उतारा
करीब एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान, युवती को समझाकर बचाया गया
भीमपुरा (बलिया)। थाना क्षेत्र के बाराडीह लवाईपट्टी गांव में गुरुवार तड़के एक युवती हाई-टेंशन पावरग्रिड के टावर पर चढ़ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे ग्रामीणों ने युवती को टावर पर चढ़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को लगातार समझाने का प्रयास किया।
काफी देर तक समझाइश के बाद भी युवती नीचे नहीं उतरी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने सीढ़ी और सुरक्षा उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और विवाह को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों की पुष्टि की जा रही है।
