बलिया
मुकदमा वापस लेने की मांग पर बैरिया तहसील में अधिवक्ताओं का धरना
एसडीएम ने धरना स्थल पहुंचकर की वार्ता, कार्य बहिष्कार से न्यायिक कामकाज रहा ठप
बार पदाधिकारियों समेत अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे के विरोध में प्रदर्शन, वादकारियों को हुई परेशानी
बैरिया (बलिया)। स्थानीय तहसील में संविदा पर तैनात भूलेख ऑपरेटर से हुए विवाद के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री समेत कई अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे के विरोध में गुरुवार को अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान तहसील एवं जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुकदमा वापस लेने की मांग उठाई गई।
धरना-प्रदर्शन की सूचना पर नवागत उपजिलाधिकारी शशि भूषण मिश्र स्वयं धरना स्थल पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत की। उन्होंने बीते घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान संभव है। इस पर अधिवक्ताओं ने आश्वासन दिया कि उनका प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उनसे मिलकर अपना पक्ष विस्तार से रखेगा। वार्ता के बाद एसडीएम अपने कार्यालय लौट गए।
अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार के कारण गुरुवार को भी तहसील का न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। विभिन्न मामलों की सुनवाई के लिए दूर-दराज से पहुंचे वादकारियों को बिना काम के वापस लौटना पड़ा।
धरना-प्रदर्शन में महामंत्री राजकुमार तिवारी, चंद्रशेखर यादव, देवेंद्र मिश्र, शिवाजी सिंह, रुद्रदेव कुंवर, ओमकार पांडेय, जाकिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मुकदमा वापस लिए जाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
