वाराणसी
कैंसर पीड़ित के लिए रक्तदान कर मुख्य आरक्षी ने पेश की मानवता की मिसाल
टाटा कैंसर अस्पताल में भर्ती मरीज की मदद को बढ़ाया हाथ, रक्तदान कर बचाई उम्मीद
पिंडरा (वाराणसी)। गोमती जोन कार्यालय, बाबतपुर में तैनात मुख्य आरक्षी नीरज द्विवेदी ने कैंसर पीड़ित मरीज के लिए स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और सेवा-भाव का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
जानकारी के अनुसार, भारत रक्त सेवा मंच पुलिस परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि टाटा कैंसर अस्पताल में भर्ती कैंसर पीड़ित हामिद को तत्काल रक्त की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन कार्यालय में कार्यरत मुख्य आरक्षी नीरज द्विवेदी बिना किसी विलंब के रक्तदान के लिए आगे आए।
समय पर उपलब्ध हुए रक्त से मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली। मुख्य आरक्षी के इस सराहनीय कदम की लोगों ने प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
रक्तदान के इस कार्य ने न केवल जरूरतमंद मरीज की सहायता की, बल्कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और मानव सेवा की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया।
