वाराणसी
अघोर पीठ क्रीकुण्ड में 29 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव
पूजन, आशीर्वचन, प्रसाद वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
वाराणसी। अघोर पीठ बाबा कीनाराम स्थल, क्रीकुण्ड (शिवाला) में 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा का आयोजन पारंपरिक एवं भव्य रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर सद्गुरु का दर्शन, पूजन एवं आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन आरती के बाद श्रमदान, सफाई अभियान एवं प्रभात फेरी के साथ होगा। इसके पश्चात सुबह 8:30 बजे पूज्य पीठाधीश्वर बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी समस्त अघोरेश्वरों की समाधियों का पूजन एवं दर्शन करेंगे।
सुबह 9:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए पूज्य पीठाधीश्वर का दर्शन-पूजन प्रारंभ होगा, जबकि दोपहर 12:00 बजे से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
सायंकाल 4:00 बजे से गोष्ठी एवं पूज्य पीठाधीश्वर का आशीर्वचन होगा। इसके बाद 7:30 बजे सायंकालीन आरती संपन्न होगी। रात्रि 8:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जो मध्यरात्रि तक चलेगा।
व्यवस्थापक मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर सद्गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
