गाजीपुर
अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध की आशंका पर दो सपा जिला पंचायत सदस्य रातभर हाउस अरेस्ट
रिहाई और प्रदर्शन न करने की अपील के बाद सुबह पुलिस लौटी, क्षेत्र में शांति
गाजीपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट एवं छात्र मुद्दों को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद संभावित विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए नंदगंज पुलिस पूरी रात अलर्ट रही। एहतियातन पुलिस ने क्षेत्र के दो समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्यों को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे नंदगंज थाना पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य सुनील कुमार यादव और देवेंद्र यादव उर्फ टिंकू यादव के आवास पर पहुंचकर उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया। पुलिस को आशंका थी कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन किया जा सकता है।
बताया गया कि दोनों जनप्रतिनिधियों की गतिविधियों पर पूरी रात नजर रखी गई, जबकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
बाद में मंगलवार देर रात अखिलेश यादव के दिल्ली में रिहा होने तथा उनके द्वारा कार्यकर्ताओं से किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन नहीं करने की अपील किए जाने के बाद बुधवार सुबह करीब पांच बजे पुलिसकर्मी दोनों नेताओं के आवास से वापस लौट गए।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, एहतियाती कदमों के चलते क्षेत्र में कहीं भी कोई विरोध-प्रदर्शन नहीं हुआ और पूरे इलाके में शांति एवं सामान्य स्थिति बनी रही।
