वाराणसी
ओवरफ्लो नाले की सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव से मिली राहत
स्थानीय शिकायत पर नगर निगम की कार्रवाई, जलभराव रोकने के लिए जल्द बनेगी नई नाली
वाराणसी। बरसात के मौसम में जलभराव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सुसुवाही क्षेत्र में नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। सुसुवाही स्थित यूनियन बैंक के पास लंबे समय से ओवरफ्लो हो रहे नाले की सफाई कराई गई तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी किया गया।

स्थानीय लोगों की शिकायत पर वार्ड संख्या-39 के पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने तत्काल नगर निगम अधिकारियों से समन्वय कर सफाई अभियान शुरू कराया। सफाई कर्मियों ने नाले में जमी गाद, कचरा और अन्य अवरोधों को हटाकर जल निकासी को सुचारु किया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि नाले में सिल्ट और गंदगी जमा होने से बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा था, जिससे लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। इसके कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा था और डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी पैदा हो गया था।

पार्षद गुड्डू पटेल ने बताया कि सुसुवाही वार्ड का क्षेत्रफल बड़ा होने के बावजूद नगर निगम की ओर से नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जहां से भी शिकायत मिलती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जलनिकासी की स्थायी समस्या के समाधान के लिए करोड़ों रुपये की लागत से नई नाली निर्माण योजना को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए धनराशि भी आवंटित हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। नई नाली बनने के बाद जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
सफाई अभियान के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और पार्षद का आभार जताते हुए कहा कि समय पर हुई इस कार्रवाई से बरसात के दौरान लोगों को बड़ी राहत मिली है तथा संभावित स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम करने में भी मदद मिलेगी।
