बलिया
पूर्व बीईओ दुर्गा प्रसाद सिंह को भावभीनी विदाई
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया गया याद, स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
बैरिया (बलिया)। विकास खंड मुरलीछपरा के पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी एवं वर्तमान में डायट गाजीपुर के वरिष्ठ प्रवक्ता दुर्गा प्रसाद सिंह के सम्मान में बुधवार को बीईओ कार्यालय परिसर में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर की गई। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा प्रसाद सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों में अनुशासन स्थापित करने तथा शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उल्लेखनीय कार्य किए। उनके सरल, सहज और सकारात्मक व्यक्तित्व की सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि दुर्गा प्रसाद सिंह का अनुभव और कार्यशैली शिक्षा विभाग के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन आगे भी सभी को मिलता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान दुर्गा प्रसाद सिंह को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुरलीछपरा में मिला स्नेह, सहयोग और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य पूंजी रहेगा।
विदाई समारोह आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी शुभकामनाएं दीं।
