वाराणसी
जनसुनवाई में फरियादियों के बीच पहुंचे मंडलायुक्त, सुनीं समस्याएं
भीड़ अधिक होने पर स्वयं लोगों के पास जाकर सुनी शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने पर दिया जोर
वाराणसी। मंडलायुक्त ने सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। भीड़ अधिक होने के कारण जब सभी लोगों का क्रमवार उनके पास पहुंचना संभव नहीं हो सका, तब मंडलायुक्त स्वयं फरियादियों के बीच पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने मौके पर ही कई मामलों के निस्तारण का प्रयास कराया, जबकि शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निपटाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और जनसुनवाई व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
