Connect with us

वाराणसी

काशी विद्यापीठ में डी.लिट. शोध की मौखिकी सम्पन्न

Published

on

Loading...
Loading...

प्रो. राघवेन्द्र पाण्डेय ने आंतरिक सुरक्षा में RSS की भूमिका पर रखा शोध

‘भारत की आंतरिक सुरक्षा के संदर्भ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका’ विषय पर शोध को विभागीय समिति ने उत्कृष्ट बताते हुए संस्तुति दी**

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ के तत्वावधान में डी.लिट. उपाधि के लिए पूर्व शोध-प्रबंध की मौखिकी (वाइवा-वोसे) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गाजीपुर स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने “भारत की आंतरिक सुरक्षा के संदर्भ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका : एक विश्लेषणात्मक अध्ययन” विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया।

अपने शोध प्रस्तुतिकरण में प्रो. पाण्डेय ने कहा कि भारत की आंतरिक सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, नागरिक जागरूकता, आपदा प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता जैसे अनेक पहलुओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने शोध के आधार पर कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने स्वयंसेवकों के माध्यम से सामाजिक सेवा, आपदा राहत, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम विकास तथा नागरिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने बताया कि शोध में आरएसएस की भूमिका का तथ्यपरक एवं विश्लेषणात्मक अध्ययन किया गया। शोध के दौरान विभिन्न पक्षों, उपलब्ध साक्ष्यों और विचारों का निष्पक्ष विश्लेषण किया गया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संघ की भूमिका को लेकर सार्वजनिक और शैक्षणिक विमर्श में विभिन्न दृष्टिकोण मौजूद हैं, जिनका शोध में समग्र अध्ययन किया गया है।

Advertisement

मौखिकी के दौरान विभागीय समिति के सदस्यों ने शोध विषय से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका प्रो. पाण्डेय ने तर्कपूर्ण एवं संतुलित उत्तर दिया। शोध की गुणवत्ता से संतुष्ट होकर विभागीय समिति ने शोध-प्रबंध को उत्कृष्ट बताते हुए इसे विश्वविद्यालय में जमा करने की संस्तुति प्रदान की।

इस अवसर पर प्रो. पाण्डेय ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी से शिष्टाचार भेंट भी की। कुलपति ने कहा कि भारत की आंतरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर और अधिक शोध की आवश्यकता है तथा इस दिशा में किए जा रहे अकादमिक प्रयास स्वागतयोग्य हैं।

कार्यक्रम में शोध-परामर्शदाता प्रो. (डॉ.) के.के. सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. वंदना सिन्हा, प्रो. बंशीधर पाण्डेय, प्रो. भावना वर्मा, प्रो. चन्द्रशेखर सिंह, प्रो. निमिषा गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार सिंह सहित समाज कार्य विभाग के अनेक प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. (डॉ.) के.के. सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष प्रो. वंदना सिन्हा ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page