गोरखपुर
मानसिक रूप से अस्वस्थ भाई को बचाने पहुंचे युवक की पिटाई, पांच पर मुकदमा
मारपीट का विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के नसिरपुर गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के साथ हो रही मारपीट का विरोध करना उसके भाई को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने युवक की लाठी-डंडों, लात-घूंसों से पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाई को बचाने पहुंचा तो खुद बना निशाना
नसिरपुर निवासी गोरख यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 जून की रात करीब आठ बजे गांव के विजय यादव, राजमन यादव, शेषनाथ यादव, रोहित उर्फ विश्वजीत यादव और राजू उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ भाई जोगिन्द्र की पिटाई कर रहे थे।
गोरख यादव के अनुसार जब वह अपने भाई को बचाने पहुंचा और विरोध किया तो सभी आरोपितों ने उसके साथ भी लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पांच आरोपितों पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित की तहरीर के आधार पर गोला थाना पुलिस ने नामजद पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
