गोरखपुर
बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराई, युवक गंभीर घायल
सामने कुत्ता आने से हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। गंभीर हालत में युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर ग्राम पंचायत के टोला भदेशरी निवासी रवि कुमार (26) पुत्र बालकेश प्रसाद गुरुवार शाम करीब छह बजे अनंतपुर हरपुर स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। अनंतपुर हरपुर मछली मंडी के पास अचानक बाइक के सामने कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई।
मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
हादसे में रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची हरपुर-बुदहट पुलिस ने उन्हें तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
