मिर्ज़ापुर
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
ससुराल में हुई घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मायके वालों की तहरीर पर जांच शुरू, सीओ सदर के हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई
मीरजापुर। पड़री थाना क्षेत्र के बरजी मुकुंदपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डगहर गांव निवासी श्यामलाल की पुत्री गुड़िया का विवाह वर्ष 2022 में बरजी मुकुंदपुर निवासी दिनेश के साथ हुआ था। दिनेश चेन्नई में रहकर काम करते हैं। बताया जाता है कि विवाह के बाद से ही गुड़िया का ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद होता रहता था, जिसके चलते वह कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।
बंटवारे की बातचीत के लिए बुलाया गया था घर
परिजनों के अनुसार, दिनेश के नाना के निधन के बाद वह चेन्नई से अपने ससुराल आया था। शनिवार शाम दिनेश के परिजनों ने किसी पारिवारिक बंटवारे के मुद्दे पर बातचीत के लिए दिनेश और गुड़िया को बरजी मुकुंदपुर स्थित घर बुलाया था। दोनों वहां पहुंचे, लेकिन देर रात अचानक गुड़िया की मौत की सूचना मायके पक्ष को मिली।
मौके पर पहुंचकर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, जहां गुड़िया का शव पड़ा मिला। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि प्रारंभ में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
सीओ सदर के हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई
मायके पक्ष द्वारा रविवार सुबह क्षेत्राधिकारी सदर को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद सीओ सदर के निर्देश पर पड़री पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
