Uncategorized
मंडलायुक्त ने लैपटॉप से भरी स्व-गणना, आम नागरिकों को भी बताए ऑनलाइन फॉर्म भरने के तरीके
बोले- 30 नवंबर तक मोबाइल या लैपटॉप से पूरी करें स्व-गणना, मकान और परिवार की जानकारी सही-सही दर्ज करें* *स्व-गणना पूरी होने पर 11 अंकों की SE ID जरूर सुरक्षित रखें, घर पहुंचने वाले प्रगणक को कराएं उपलब्ध
*रिपोर्टर/ब्यूरो चीफ गोरखपुर राम जोखन पांडेय*
गोरखपुर। मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को अपने लैपटॉप से जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर आम नागरिकों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी अपने मोबाइल फोन अथवा लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना करें और जनगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्व-गणना करते समय कुछ महत्वपूर्ण बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि परिवार और मकान से संबंधित जानकारियां सही तरीके से दर्ज हो सकें।मंगलवार को अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे और मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह को स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया से अवगत कराया। इसके बाद मंडलायुक्त ने अपने लैपटॉप से निर्धारित 40 कॉलम में मांगी गई जानकारियां दर्ज कर स्व-गणना पूरी की।मंडलायुक्त ने नागरिकों को निर्देशित किया कि सबसे पहले आधिकारिक जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाएं और उत्तर प्रदेश राज्य का चयन करें। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें। अपनी सुविधानुसार भाषा चुनने के बाद मकान और परिवार से संबंधित सभी प्रश्नों के जवाब सावधानीपूर्वक भरें।उन्होंने बताया कि स्व-गणना के दौरान मकान का पूरा पता, भवन का उपयोग, मकान की स्थिति, दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का स्वामित्व, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार में सदस्यों की संख्या और रहने के लिए उपलब्ध कमरों की जानकारी देनी होती है। इसके अलावा पेयजल का स्रोत, बिजली की उपलब्धता, शौचालय, स्नानघर, रसोईघर, खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाला ईंधन और जल निकासी जैसी सुविधाओं का विवरण भी दर्ज करना होता है।उन्होंने कहा कि परिवार के पास उपलब्ध मोबाइल फोन, इंटरनेट, टेलीविजन, रेडियो, साइकिल, मोटरसाइकिल और कार जैसे संसाधनों की जानकारी भी निर्धारित प्रश्नों के अनुसार भरनी होगी। सभी कॉलम को ध्यानपूर्वक पढ़कर सही जानकारी दर्ज करें। फॉर्म सबमिट करने से पहले एक बार पूरे विवरण की जांच जरूर कर लें, ताकि कोई गलत या अधूरी जानकारी दर्ज न हो।मंडलायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की SE ID को अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें। इसे मोबाइल में सुरक्षित रखने के साथ जरूरत पड़ने पर लिखकर भी रख सकते हैं। एक दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह आईडी उपलब्ध कराएं, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसलिए गोरखपुर मण्डल के सभी नागरिक निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लें। जो परिवार किसी कारण से मोबाइल या लैपटॉप से स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित है।मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। इसलिए हर परिवार की सही जानकारी दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नागरिक स्वयं आगे आएं, स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं और अपने परिवार का विवरण सही-सही भरकर एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव ने मंडलायुक्त को स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया।
