बलिया
बिना पहचान पत्र दिखाने वाले अधिकारियों को न दें सहयोग : बीसीडीए
औषधि आयुक्त की सार्वजनिक सूचना के बाद दवा कारोबारियों को किया गया जागरूक, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल देने की अपील
बलिया। बीसीडीए के महामंत्री बब्बन यादव ने औषधि आयुक्त उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना का हवाला देते हुए जनपद के दवा विक्रेताओं एवं संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सभी अधिकृत अधिकारियों और कर्मचारियों को विभागीय पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं।
बिना पहचान पत्र वाले व्यक्तियों को अधिकारी न मानें
बब्बन यादव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तथा प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई के दौरान विभागीय पहचान पत्र धारण करेंगे। यदि कोई व्यक्ति विभागीय पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसे विभाग का अधिकारी या कर्मचारी नहीं माना जाए।
उन्होंने दवा विक्रेताओं और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि ऐसे व्यक्तियों को किसी भी प्रकार के निरीक्षण या प्रवर्तन संबंधी कार्यों में सहयोग न दें।
संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना
बीसीडीए महामंत्री ने बताया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति अधिकारी बनकर निरीक्षण करने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल जिलाधिकारी को दी जाए। इसके साथ ही विभागीय व्हाट्सएप नंबर 9793429747 और ई-मेल आईडी fdaupgov@gmail.com पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाओं के आधार पर विभाग द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दवा कारोबारियों को अनावश्यक उत्पीड़न से मिलेगी राहत
बब्बन यादव ने कहा कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य फर्जी अधिकारियों अथवा संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण और उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाना है। इससे दवा कारोबारियों और अन्य प्रतिष्ठान संचालकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकेगा।
उन्होंने सभी दवा विक्रेताओं से सतर्क रहने, पहचान पत्र की जांच करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
