वाराणसी
गंगा में डूबने से गाजीपुर के युवक की मौत
वाराणसी। जिले के चौबेपुर क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान सौरभ तिवारी (30) पुत्र विजय शंकर तिवारी निवासी रिश्ती सादात, गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि सौरभ अपनी माता कुसुम तिवारी के साथ गंगा स्नान करने और बाबा मार्कण्डेय महादेव के दर्शन के लिए आया था।
सुबह करीब नौ बजे सौरभ गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कैथी चौकी प्रभारी पवन राय मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब 25 मिनट बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
