Connect with us

वाराणसी

जाम से निपटने को पुलिस अलर्ट, प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई गई तैनाती

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और रोजाना लग रहे भीषण जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। खासकर ककरमत्ता से लहरतारा मार्ग तथा रामनगर से सामनेघाट पुल तक के रास्तों पर सुबह और शाम के समय वाहनों की लंबी कतारें लगने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शहर के कई प्रमुख जाम पॉइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां अब अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बौलिया क्षेत्र में चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि लहरतारा आरओबी के पास दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा ककरमत्ता क्षेत्र में भी दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुंदरपुर इलाके में भी ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल लगाया गया है, ताकि व्यस्त समय में वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

वहीं, रामनगर से सामनेघाट पुल तक प्रतिदिन लगने वाले भारी जाम को देखते हुए पुलिस ने विशेष निगरानी की योजना बनाई है। इस मार्ग पर अब नियमित पुलिस गश्त कराई जाएगी, जिससे जाम लगने की स्थिति में तत्काल यातायात को नियंत्रित किया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इन मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही थीं, जिससे लोगों को घंटों फंसना पड़ रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो दिन पहले एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने ककरमत्ता, लहरतारा और अन्य जाम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

ट्रैफिक विभाग का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रमुख चौराहों और जाम वाले स्थानों पर पुलिस की संख्या बढ़ाई गई है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर वाहन खड़ा कर बाधा न बनें और अनावश्यक रूप से गलत दिशा में वाहन न चलाएं। प्रशासन को उम्मीद है कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित निगरानी से शहरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page