वाराणसी
BHU ताइक्वांडो कप में वाराणसी का जलवा, आश्वी मिश्रा ने जीता गोल्ड
वाराणसी। बीएचयू स्थित श्री विभूति नारायण सिंह इंडोर हॉल में 29 और 30 अप्रैल 2026 को आयोजित 5वीं स्वर्गीय श्री जनार्दन मिश्र स्मृति ताइक्वांडो कप 2026 की ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में तीन वर्ष के नन्हे प्रतिभागियों से लेकर 20 वर्ष तक के युवाओं ने हिस्सा लिया और किक-पंच के दम पर पूरे हॉल को उत्साह से भर दिया।मिर्जापुर, भदोही, गाजीपुर, बलरामपुर समेत कई जिलों और अन्य राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
किसी खिलाड़ी की आंखों में जीत की चमक थी तो किसी के चेहरे पर अगली बार बेहतर करने का संकल्प।मेजबान वाराणसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। गाजीपुर दूसरे और बलरामपुर तीसरे स्थान पर रहा। वाराणसी की ओर से UMAI ग्रुप के दर्जनों बच्चों ने गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया।
इसी क्रम में वाराणसी की आश्वी मिश्रा ने पहली बार फ्रेशर कैटेगरी में उतरते ही गोल्ड मेडल जीतकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। आश्वी ने कहा कि सभी के आशीर्वाद और अपनी निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने स्टेट लेवल पर गोल्ड मेडल जीतकर गुरुजनों और अपने शहर का मान बढ़ाया है।
कोच ने कहा कि यह पदक केवल धातु का टुकड़ा नहीं, बल्कि उन अनगिनत सुबहों का परिणाम है जब बच्चे सूरज निकलने से पहले अभ्यास शुरू करते हैं और लगन व मेहनत से खुद को निखारते हैं। फ्रेशर बच्चों में समृद्धि, मानवी, लवन्या, क्योरके, इसीका, रितिका और रिसीका ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
