वाराणसी
दिल्ली बीर बाबा मंदिर पर भंडारे का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र के कल्लीपुर गांव स्थित प्राचीन दिल्ली बीर बाबा मंदिर पर गुरुवार को भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर मन्नतें मांगीं और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं भोजन का वितरण किया गया। भंडारे के दौरान मंदिर परिसर भक्ति गीतों से गूंजता रहा और पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा। आयोजन से पहले बाबा का आकर्षक श्रृंगार भी किया गया। जिसे देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचे।

इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भंडारे में भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन की व्यवस्था गांव के लोगों ने मिल-जुलकर संभाली, वहीं युवाओं ने दिनभर सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गांव के सभी वर्गों का सराहनीय योगदान रहा। संयोजन समिति के सदस्य विनोद पटेल, लक्ष्मी शंकर पांडे, रामनारायण पटेल, कमलेश यादव एवं लालचंद विश्वकर्मा ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
