सियासत
नारी सम्मान के मुद्दे पर अजय राय ने प्रधानमंत्री को घेरा, उठाए कई सवाल
वाराणसी। शहर के लहुराबीर स्थित आवासीय कार्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। इस दौरान उनकी पत्नी रीना राय समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री वास्तव में ‘नारी शक्ति’ और महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, तो उन्हें अपनी पत्नी जशोदाबेन मोदी के साथ काशी आकर बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करना चाहिए, तभी उनके दावों को विश्वसनीय माना जा सकेगा।
उन्होंने प्रश्न उठाया कि देश में नारी सम्मान की बात होने के बावजूद प्रधानमंत्री की पत्नी को अब तक वह सामाजिक और वैधानिक सम्मान क्यों नहीं मिला, जिसकी वह अधिकारी हैं। अजय राय ने इसे केवल निजी मामला न बताते हुए महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक दृष्टिकोण से जुड़ा विषय बताया और कहा कि निजी जीवन और सार्वजनिक दावों के बीच यह अंतर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने विवाह को सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि पत्नी की पहचान केवल नाम से नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और समान भागीदारी से होनी चाहिए। उनके अनुसार जशोदाबेन का मुद्दा उन असंख्य महिलाओं की स्थिति को दर्शाता है, जो आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत हैं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संसद से पारित होने और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बावजूद इसका अब तक क्रियान्वयन नहीं हुआ है, जिससे सरकार की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसे जनगणना और परिसीमन से जोड़कर टालने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही कांग्रेस की ओर से बिना किसी शर्त के महिला आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई।
अजय राय ने ओबीसी महिलाओं के लिए आरक्षण में स्पष्ट प्रावधान न होने पर भी चिंता जताई और कहा कि वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब सभी वर्गों की महिलाओं को समान प्रतिनिधित्व मिले। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने देश में घटित विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि ऐसी परिस्थितियों में ‘नारी सम्मान’ के दावे खोखले प्रतीत होते हैं।
पत्रकार वार्ता के अंत में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को मानवता पर क्रूर प्रहार बताते हुए मृतकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे।
