वाराणसी
पेपर कारोबारी से लाखों की ठगी का आरोप, मामला दर्ज
वाराणसी। बकाया 4.84 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी और धमकी देने के मामले में कोतवाली थाने में जौहरी प्रिंटर्स प्राइवेट लिमिटेड, चुरामनपुर मुड़ैला के डायरेक्टर विजय मित्तल, अक्षय मित्तल और रेनू मित्तल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चेतगंज क्षेत्र के मलदहिया निवासी राम नारायन गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी जेके पेपर बोर्ड एजेंसी कर्णघंटा में स्थित है, जहां से पेपर और बोर्ड का थोक कारोबार किया जाता है। आरोप है कि जौहरी प्रिंटर्स के डायरेक्टर विजय मित्तल, उनके पुत्र अक्षय मित्तल और बहू रेनू मित्तल ने खरीदे गए माल के 4,84,184 रुपये का भुगतान रोक रखा है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब भुगतान की मांग की गई तो आरोपियों द्वारा गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि विजय मित्तल पहले भी लखनऊ और दिल्ली के सप्लायरों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुके हैं।
इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
