Connect with us

मिर्ज़ापुर

हलिया के पीएचसी मार्ग पर घुटने भर पानी, मरीजों समेत राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें

Published

on

Loading...
Loading...

हलिया, मीरजापुर। लगातार हो रही बारिश ने हलिया बाजार की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। शनिवार को बारिश के बाद बाजार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जाने वाले मार्ग पर घुटने भर पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बाजार के मुख्य मार्ग पर भी पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित रहा।

पीएचसी मार्ग पर पानी भरने के कारण अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कत हुई। कई लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। वहीं बाजार के मुख्य मार्ग पर जलभराव के चलते पैदल राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों, साइकिल और बाइक सवारों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

जलभराव का असर आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों पर भी पड़ा। भारतीय स्टेट बैंक परिसर में पानी घुस जाने से बैंक का कामकाज और लेनदेन प्रभावित रहा। वहीं बाजार निवासी सर्राफा व्यवसायी विजय सेठ की दुकान में भी पानी घुस गया, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हलिया बाजार में नालियां जाम होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। बारिश के दौरान मुख्य मार्ग और पीएचसी मार्ग की स्थिति सबसे खराब हो जाती है। लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से हर वर्ष बारिश के मौसम में उन्हें इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है।

ग्राम प्रधान शिव बाबू सेठ ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान बाजार की पुरानी नाली ध्वस्त हो गई थी। इसके बाद कार्यदायी संस्था की ओर से नाली का निर्माण नहीं कराया गया। नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण मामूली बारिश में भी बाजार में जलभराव की स्थिति विकट हो जाती है।

Advertisement

प्रधान ने कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर हलिया बाजार में नाली निर्माण कराने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से जाम नालियों की तत्काल सफाई कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान मरीजों, व्यापारियों और आम राहगीरों को होने वाली परेशानी से निजात मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page