आजमगढ़
श्री राम जानकी मंदिर में शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू, 27 अगस्त तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान
आजमगढ़/सगड़ी। सगड़ी तहसील क्षेत्र के जोकहरा गांव स्थित श्री राम जानकी मंदिर में श्री शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विभिन्न वैदिक धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन 20 अगस्त से 27 अगस्त तक किया जा रहा है। इस दौरान पूज्य गुरु विशम्भर दास की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं और क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
विभिन्न अधिवास एवं वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन
महोत्सव के क्रम में 20 अगस्त को कलश यात्रा निकाली गई, जबकि 21 अगस्त को देव स्थापना एवं जलाधिवास का आयोजन हुआ। 22 अगस्त को अन्नाधिवास तथा 23 अगस्त को वस्त्राधिवास संपन्न हुआ। 24 अगस्त को फलाधिवास एवं पुष्पाधिवास के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
25 अगस्त को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आयोजकों के अनुसार 25 अगस्त को भगवान का नगर भ्रमण एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 26 अगस्त को विधि-विधान, पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी।
पूर्णाहुति और भंडारे के साथ होगा समापन
महोत्सव का समापन 27 अगस्त को पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजन में क्षेत्रवासियों और ग्रामवासियों का सहयोग मिल रहा है। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजा-पाठ से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है।
श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचने की अपील
आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सपरिवार धार्मिक महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा के साथ पूज्य गुरु विशम्भर दास की प्रतिमा का अनावरण भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
