गाजीपुर
नंदगंज को तहसील और नगर पंचायत बनाने की मांग तेज, मोर्चा ने किया जनसंपर्क
22 सितंबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान, एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की भी मांग
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज को तहसील और नगर पंचायत बनाने की मांग को लेकर नंदगंज तहसील बनाओ-नगर पंचायत बनाओ संघर्ष मोर्चा ने रविवार को बाजार में जनसंपर्क अभियान चलाया। मोर्चा के संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव और अध्यक्ष उमाकांत सिंह ‘मोती’ के संयुक्त नेतृत्व में लोगों से संपर्क कर 22 सितंबर को जिला मुख्यालय स्थित सरजू पांडे पार्क में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
जनसंपर्क अभियान के बाद बरहपुर स्थित श्री ठाकुर जी राम-लक्ष्मण जानकी महिला महाविद्यालय में मोर्चा की आवश्यक बैठक हुई। संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नंदगंज क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसे तहसील और नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में नंदगंज क्षेत्र के नौजवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। स्वतंत्रता सेनानी भोला सिंह, डोमा लोहार, पतरू लाल, राम सुंदर शास्त्री, गौरीशंकर लाल, रामधारी सिंह यादव, कामता लाल, बेचन प्रसाद गुप्ता और सदानंद यादव सहित अन्य सेनानियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके योगदान के अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुए हैं।
रेलवे और बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी
अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नंदगंज आज भी पिछड़े क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। क्षेत्र की चीनी मिल बंद हो चुकी है और नंदगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। रोजगार और अन्य कार्यों के लिए मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता सहित महानगरों की यात्रा करने वाले लोगों को करीब 20 से 30 किलोमीटर दूर औड़िहार या गाजीपुर स्टेशन जाना पड़ता है।
उन्होंने क्षेत्र की खराब विद्युत व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि नंदगंज फीडर को जौहरगंज विद्युत उपकेंद्र के स्थान पर सादात उपकेंद्र से जोड़ने के बाद विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है। इससे किसानों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोर्चा के अध्यक्ष उमाकांत सिंह उर्फ मोती सिंह ने नंदगंज को शीघ्र तहसील और नगर पंचायत का दर्जा देने, रेलवे स्टेशन का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी भोला सिंह के नाम पर करने तथा क्षेत्र में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की। उन्होंने नंदगंज से होकर गुजरने वाली सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
जनसंपर्क अभियान में डॉ. शशिकांत सिंह, अशोक प्रताप त्रिपाठी, अमन सिंह, विजय कुमार चौरसिया, बब्लू, गुलाब प्रजापति, प्रमोद चौबे, दूधनाथ राम, गोल्डी सिंह, राम अवध सिंह यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
