वाराणसी
कांशीराम आवास में फिर गिरा छज्जा, बाल-बाल बचे लोग
10 दिन में दूसरी घटना से मचा हड़कंप, जर्जर भवनों की हालत को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश
शिवपुर (वाराणसी)। शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम आवास में जर्जर भवन लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। शनिवार रात करीब नौ बजे कांशीराम आवास के फ्लैट संख्या 93 का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय छज्जे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जर्जर भवनों से हर समय हादसे का खतरा
क्षेत्रवासियों के मुताबिक कांशीराम आवास के अधिकांश भवन अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। कई मकानों के छज्जे, दीवारें और भवन के अन्य हिस्से कमजोर हो गए हैं। लोगों का कहना है कि इन हिस्सों के अचानक गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक जर्जर भवनों की मरम्मत अथवा सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

20 अगस्त को छज्जा गिरने से हुई थी मौत
स्थानीय लोगों ने बताया कि 20 अगस्त को भी कांशीराम आवास के ब्लॉक संख्या 61 के कमरा नंबर 11 का छज्जा गिर गया था। इस हादसे में सतालू नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी लोगों को उम्मीद थी कि प्रशासन जर्जर भवनों की स्थिति का सर्वे कराकर आवश्यक मरम्मत कराएगा, लेकिन क्षेत्रवासियों के अनुसार अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

डीएम को दिया था प्रार्थना पत्र
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जर्जर मकानों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भी दिया गया था। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। महज 10 दिन के भीतर दोबारा छज्जा गिरने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
लगातार हो रही घटनाओं से कांशीराम आवास के लोगों में जिम्मेदार विभाग के प्रति आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर भवनों की जांच और मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कांशीराम आवास के सभी भवनों का तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाए। खतरे वाले छज्जों और भवन के कमजोर हिस्सों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार जर्जर भवनों की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों की जान पर मंडरा रहा खतरा दूर हो सके।
