Connect with us

भदोही

मिशन शक्ति फेज-5.0: भदोही पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

Published

on

Loading...
Loading...

गांवों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर चौपाल लगाकर बताए अधिकार, हेल्पलाइन नंबर और आत्मरक्षा के उपाय

भदोही, 30 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत भदोही पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न गांवों, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों और मंदिरों में भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया तथा चौपाल लगाकर उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाया गया। जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया।

‘सुरक्षित बेटी, स्वावलंबी नारी’ का दिया संदेश

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और छात्राओं को ‘सुरक्षित बेटी, स्वावलंबी नारी—मिशन शक्ति की यही तैयारी’ तथा ‘हर कदम पर सुरक्षा का अहसास, मिशन शक्ति है आपके पास’ जैसे संदेशों के माध्यम से जागरूक किया गया।

पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय बताए। साथ ही गुड टच और बैड टच की पहचान, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।

Advertisement

पुलिस ने छात्राओं और महिलाओं से कहा कि बस, रास्ते अथवा सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार की छेड़खानी या उत्पीड़न होने पर डरने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तत्काल 1090 वूमेन पावर लाइन पर शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा नजदीकी थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की दी जानकारी

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस ने व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।

महिलाओं और छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

एक साथ बताए गए सभी जरूरी हेल्पलाइन नंबर

पुलिस टीमों ने महिलाओं और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस थाने को दें।

Advertisement

ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीमों ने ग्राम चौपालों का आयोजन कर महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद किया। उनकी समस्याओं को सुनने के साथ ही पुलिस ने समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण का भरोसा दिलाया।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page