Connect with us

गाजीपुर

नंदगंज स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग, डीआरएम को सौंपा मांगपत्र

Published

on

Loading...
Loading...

सारनाथ, सुहेलदेव और सद्भावना एक्सप्रेस के ठहराव के साथ आरक्षण केंद्र खोलने की उठी मांग

नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन के आगमन पर व्यापारियों और नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और यात्री सुविधाओं को लेकर उनसे मुलाकात की। पंकज जायसवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को मांगपत्र सौंपकर नंदगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग उठाई।

तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग

प्रतिनिधिमंडल की ओर से सौंपे गए मांगपत्र में सारनाथ एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस और सुहेलदेव एक्सप्रेस का नंदगंज स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की गई। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर आरक्षण केंद्र खोलने की मांग भी रखी गई।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने डीआरएम को बताया कि नंदगंज क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन व्यापार, रोजगार, शिक्षा और अन्य कार्यों के सिलसिले में वाराणसी, गाजीपुर समेत विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नंदगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्र के व्यापार एवं रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। आरक्षण केंद्र खुलने से यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी से भी निजात मिल सकेगी।

Advertisement

डीआरएम ने दिया आश्वासन

डीआरएम आशीष जैन ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने नंदगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के लिए प्रयास करने और मांगों को रेलवे बोर्ड तक भेजने का आश्वासन दिया।

डीआरएम के आश्वासन के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद जगी है।

इस अवसर पर आनंद जायसवाल, मोलू, प्रमोद पांडेय, अमित जायसवाल, आशीष जायसवाल, आयुष अग्रवाल, संजय वर्मा, संजय सेठ, राजन जायसवाल सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page