बलिया
कांग्रेस की चुनावी बैठक में गुटबाजी पर बरसे प्रभारी
संगठन सृजन बैठक में बड़े नेताओं को चेतावनी, सिर्फ दो विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर का काम पूरा
बलिया। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सभागार में आयोजित ‘संगठन सृजन’ कार्यक्रम की बैठक में पार्टी की अंदरूनी खींचतान और संगठनात्मक तैयारियों की कमी खुलकर सामने आई। बैठक के मुख्य अतिथि एवं एआईसीसी प्रभारी कुमार आशीष ने संगठन में सक्रियता को लेकर नेताओं और पदाधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
समय नहीं देने वाले नेताओं पर सख्ती
कुमार आशीष ने कहा कि जो नेता संगठन को समय नहीं दे रहे हैं, वे चाहे कितने भी बड़े पद पर क्यों न हों, उनसे अब हाथ जोड़ लेना चाहिए। उनके इस बयान को पार्टी के निष्क्रिय पदाधिकारियों के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
दो विधानसभा क्षेत्रों में ही बूथ का काम पूरा
बैठक में जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने बताया कि बांसडीह और बिल्थरारोड विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर का काम पूरा हो चुका है। वहीं अन्य विधानसभा क्षेत्रों में बूथ कमेटियों के गठन का काम अभी अधूरा है। इससे कांग्रेस की चुनावी तैयारियों पर सवाल उठे।
पूर्व विधायक सुधीर राय ने कार्यकर्ताओं से आगामी सात महीनों को चुनौती के रूप में लेते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में पार्टी की गुटबाजी दूर कर जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
