गोरखपुर
गीडा कांड का फरार आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित
गोरखपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना गीडा में दर्ज एक गंभीर मामले के फरार आरोपी विशाल यादव पर कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है, जिससे क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।
पुलिस के मुताबिक थाना गीडा में दर्ज मुकदमा संख्या 609/2025 में नामजद आरोपी विशाल यादव पुत्र स्वर्गीय संतोष यादव उर्फ जुगानी यादव, निवासी नौसढ़, काफी समय से फरार चल रहा है। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 351(3), 352, 121(1), 132, 125, 221, 324(4), 109, 190 तथा 7 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है। गंभीर धाराओं में दर्ज इस मुकदमे को लेकर पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर बना हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस प्रकार के अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में आरोपी पर इनाम घोषित करते हुए आमजन से सहयोग की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे घोषित इनाम की धनराशि प्रदान की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार विशाल यादव लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं, वहीं स्थानीय पुलिस के साथ सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
